खरीक (नवगछिया) | भागलपुर न्यूज़ नेटवर्क
खरीक थाना क्षेत्र में अवैध बालू लदे ओवरलोड ट्रकों के परिचालन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कठेला गांव के लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। आक्रोश का आलम यह था कि एक युवक ट्रक के सामने गमछा बिछाकर सड़क पर ही लेट गया।
स्कूल के पास हादसे से बचीं बच्चियां, भड़के ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार कठेला गांव के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सुबह के समय तेज रफ्तार ट्रकों की आवाजाही से खतरा बना रहता है। इसी दौरान दो स्कूली बच्चियां एक ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर दिया।
प्रति ट्रक 2000 रुपये वसूली का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि टोल टैक्स बचाने के लिए पासिंग माफिया तेतरी-लत्तीपुर सड़क के रास्ते कठेला गांव से ट्रकों को निकालकर एनएच-31 तक पहुंचाते हैं। ट्रक चालकों के अनुसार इस अवैध पासिंग के लिए प्रति ट्रक 2000 रुपये की वसूली की जाती है।
मिलीभगत का आरोप, धमकी देने की भी शिकायत
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस और माफिया के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया। बताया गया कि जाम की सूचना पर कुछ पासिंग माफिया बाइक से मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को अंजाम भुगतने की धमकी दी।वहीं, एक दारोगा पर भी आरोप है कि उन्होंने ट्रक रोकने वालों को रोड क्राइम और लूट के केस में जेल भेजने की चेतावनी दी।
प्रशासन हरकत में, जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं और दोषी पुलिसकर्मियों व माफिया पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।वहीं, बिहपुर विधायक ई. कुमार शैलेंद्र ने भी सख्त रुख अपनाते हुए थानाध्यक्ष को चेतावनी दी है कि ग्रामीण सड़कों को नुकसान पहुंचाने वाले इस खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधानसभा तक पहुंचेगा मामला
विधायक ने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा और डीएम-एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।करीब एक घंटे तक चले जाम के बाद एसपी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
हर दिन 80 हजार की काली कमाई का आरोप
ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस की मिलीभगत से अवैध पासिंग के जरिए प्रतिदिन करीब 80 हजार रुपये की काली कमाई हो रही है, जिससे यह धंधा लगातार फल-फूल रहा है।

