जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला जारी: 4 और की गई जान, थानाध्यक्ष निलंबित

पूर्वी चंपारण जिले के रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को चार और लोगों की मौत हो गई, जिससे पिछले 48 घंटों में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। घटना में अब तक 18 लोग बीमार बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई है। सभी का इलाज सदर अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है। वहीं कुछ लोग चोरी-छिपे इलाज करा रहे हैं, जिससे वास्तविक संख्या अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों में तुरकौलिया थाना क्षेत्र के शंकर सरैया परसौना निवासी प्रमोद यादव, परसौना मुशहरी टोला निवासी परीक्षण मांझी, रघुनाथपुर के हरदिया निवासी हीरालाल भगत और बालगंगा निवासी संपत साह शामिल हैं। इससे पहले रघुनाथपुर निवासी चंदू की मौत बुधवार रात हो चुकी थी।इस मामले में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही परसौना के चौकीदार भरत राय को गिरफ्तार किया गया है।घटना की जांच के लिए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित नागा राय को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बारे में बताया जा रहा है कि उसका पूरा परिवार अवैध शराब के कारोबार में शामिल था।जांच के दौरान शराब के सैंपल में मिथाइल अल्कोहल की पुष्टि हुई है, जो अत्यंत जहरीला होता है और जानलेवा साबित होता है।घटना को लेकर मृतकों के परिजनों के बयान पर रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना में हत्या की अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *