राज्य ब्यूरो, पटना।
मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई पांच लोगों की मौत और कई लोगों के बीमार होने की घटना पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे भ्रष्ट तंत्र की विफलता बताते हुए शराबबंदी कानून की गंभीर खामियों को उजागर करने वाला बताया।तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि इस घटना में न केवल लोगों की जान गई है, बल्कि कई लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई है, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है।उन्होंने आरोप लगाया कि शराबबंदी लागू होने के बाद से अब तक बिहार में जहरीली शराब से 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, उनके अनुसार वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।तेजस्वी ने कहा कि शराबबंदी कानून का मूल उद्देश्य पूरी तरह भटक चुका है और यह अब कुछ नेताओं, भ्रष्ट अधिकारियों और शराब माफियाओं के लिए कमाई का जरिया बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में खुलेआम जहरीली शराब का निर्माण और बिक्री हो रही है, जिसमें पुलिस की मिलीभगत भी शामिल है।उन्होंने कहा कि सरकार की नाक के नीचे यह सब हो रहा है और इसकी कीमत गरीब और आम लोग अपनी जान देकर चुका रहे हैं।
जहरीली शराब कांड को लेकर तेजस्वी यादव के इस बयान ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी कानून और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि सरकार इस पर क्या कदम उठाती है।

