नई सरकार में भी जारी रहेगा ‘सात निश्चय’, विकास योजनाएं रहेंगी प्राथमिकता

राज्य ब्यूरो, पटना।

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद भी राज्य की प्रमुख विकास योजनाओं में शामिल ‘सात निश्चय’ कार्यक्रम को जारी रखा जाएगा। एनडीए नेताओं के अनुसार, यह योजनाएं न्यूनतम साझा कार्यक्रम के तहत आगे भी सरकार की प्राथमिकता में शामिल रहेंगी।बताया गया कि पूर्व में भी जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दूसरी बार एनडीए के साथ सरकार में आए थे, तब ‘सात निश्चय-2’ से जुड़ी योजनाएं पहले की तरह लागू रहीं। इसी क्रम में अब ‘सात निश्चय-3’ को भी नई सरकार के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जाएगा।‘सात निश्चय-3’ के तहत जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने वाली कई योजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें बड़े निवेश की आवश्यकता है। हालांकि इन योजनाओं पर अभी पूरी तरह कार्य शुरू नहीं हो पाया है, लेकिन नई सरकार के गठन के बाद इनके क्रियान्वयन की दिशा में तेजी आने की उम्मीद है।इन योजनाओं में पटना के पुनपुन क्षेत्र के पास स्पोर्ट्स सिटी के निर्माण का प्रस्ताव शामिल है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण से लेकर निर्माण तक बड़े स्तर पर निवेश किया जाएगा।इसके अलावा राज्य में पांच नए एक्सप्रेसवे बनाने की योजना भी ‘सात निश्चय-3’ का अहम हिस्सा है। इन परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार स्वयं संसाधनों की व्यवस्था करेगी। हालांकि, अभी तक एक्सप्रेसवे के स्थानों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए आम, मखाना, मशरूम, टमाटर और आलू जैसे उत्पादों के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करने की भी योजना है। इसके साथ ही नई सैटेलाइट सिटी विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *