उत्कर्ष 2026 में बीएलएस कॉलेज नवगछिया बना ओवरऑल चैंपियन, 20 साल बाद लौटी सांस्कृतिक रौनक

संवाददाता, नवगछिया।

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘उत्कर्ष 2026’ का भव्य समापन बनारसी लाल सर्राफ महाविद्यालय (बीएलएस), नवगछिया में धूमधाम से हुआ। करीब 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस प्रतियोगिता में 38 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का नियमित रूप से होना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस तरह के कार्यक्रमों की निरंतरता बनाए रखने पर जोर दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बीएलएस कॉलेज नवगछिया ने ‘उत्कर्ष 2026’ का ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, बीएन कॉलेज भागलपुर दूसरे स्थान पर और मारवाड़ी कॉलेज भागलपुर तीसरे स्थान पर रहा।वाणिज्य वर्ग में बीएलएस और बीएन कॉलेज दोनों को समान रूप से 19-19 अंक प्राप्त हुए, जिसके बाद टॉस के माध्यम से विजेता का निर्णय लिया गया, जिसमें बीएलएस कॉलेज विजयी रहा।कॉलेज के सचिव डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसे हर वर्ष आयोजित किया जाना चाहिए। प्रतियोगिता में भारतीय कला और संस्कृति को बढ़ावा दिया गया, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत छात्राओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही।कार्यक्रम के दौरान सोलो डांस, सोलो सॉन्ग, ग्रुप डांस, माइम और सोशल ड्रामा समेत कुल नौ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *