भागलपुर न्यूज नेटवर्क | पीरपैंती (भागलपुर)।
भागलपुर के बाखरपुर थाना क्षेत्र स्थित मोहनपुर मधुबन दियारा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खेत में मिट्टी की दरार ने एक किशोरी की हत्या का राज खोल दिया। पुलिस ने जेसीबी से खुदाई कर करीब 5 फीट गहरे गड्ढे से किशोरी का क्षत-विक्षत शव बरामद किया है।घटना सोनू टोला के पास बहियार की है। रविवार दोपहर ग्रामीणों ने खेत में दरार देख संदेह जताया और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार और थानाध्यक्ष नागेंद्र राम ने जांच के बाद जेसीबी मंगवाकर खुदाई कराई, जिसमें किशोरी का शव मिला।शव की स्थिति और गले में दुपट्टा लिपटा होने से आशंका जताई जा रही है कि किशोरी की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस के अनुसार, हत्या करीब एक सप्ताह पहले की गई प्रतीत होती है।घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान के लिए शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई है और आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है।प्राथमिक जांच में पुलिस दो एंगल पर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष नागेंद्र राम के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग के बाद ऑनर किलिंग का हो सकता है। वहीं दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।जिस गड्ढे से शव मिला है, उसमें कुदाल के निशान पाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि 4 से 5 लोगों ने मिलकर गड्ढा खोदा होगा और शव को ठिकाने लगाया होगा। आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर दफनाया गया।

