भीषण गर्मी में भी कूल सफर: भागलपुर प्रमंडल को मिली 22 नई बसों की सौगात

संवाददाता, भागलपुर।

इस बार भीषण गर्मी में भी यात्रियों का सफर सुहाना होने वाला है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने भागलपुर प्रमंडल को 11 एसी सहित कुल 22 नई बसों की सौगात दी है, जिससे भागलपुर, मुंगेर और जमुई के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।जानकारी के अनुसार, 11 एसी बसों में से 7 बसों का परिचालन भागलपुर डिपो से होगा, जबकि मुंगेर और जमुई से 2-2 एसी बसें चलाई जाएंगी। सभी बसें 15 अप्रैल तक भागलपुर पहुंच जाएंगी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मई माह से इनका परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।वहीं, 11 नॉन-एसी बसों में से 5 बसें मुंगेर, 4 जमुई और 2 बसें भागलपुर डिपो से संचालित की जाएंगी। परिवहन निगम ने इन बसों के रूट चार्ट और किराया सूची पहले ही जारी कर दी है, जबकि टाइम टेबल बसों के पहुंचने के बाद घोषित किया जाएगा।इन बसों के परिचालन से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। प्रस्तावित रूटों में भागलपुर-बासुकीनाथ, भागलपुर-गिरिडीह, भागलपुर-पटना वाया खगड़िया, भागलपुर-जमुई वाया सुल्तानगंज और भागलपुर-सिलीगुड़ी जैसे महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं।नई बसों में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। सभी बसें 42 सीटर होंगी और इनमें पुश बैक सीट, प्रत्येक सीट के पास मोबाइल चार्जिंग की सुविधा, पर्याप्त लेग स्पेस, सीसीटीवी कैमरे और एयर सस्पेंशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे खराब सड़कों पर भी झटके कम महसूस होंगे।इसके अलावा, यात्रियों के लिए रेलवे ने भी राहत भरी खबर दी है। भागलपुर होकर कोलकाता से योग नगरी ऋषिकेश के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *