भागलपुर में ‘परिधि सृजन मेला 2026’ की तैयारी तेज, 11 से 14 अप्रैल तक होगा आयोजन

भागलपुर, संवाददाता।

भागलपुर के कला केंद्र में रविवार को ‘परिधि सृजन मेला 2026’ को लेकर एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. उमेश नीरज ने की, जबकि संचालन परिधि के निदेशक उदय ने किया।बैठक में डॉ. उमेश नीरज ने कहा कि परिधि सृजन मेला भागलपुर का एक अनूठा सांस्कृतिक आयोजन है, जो पिछले चालीस वर्षों से लगातार आयोजित होता आ रहा है। उन्होंने इसे शहर की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए लोगों से इस आयोजन में आर्थिक सहयोग की अपील की और स्वयं भी सहयोग देने की घोषणा की।उन्होंने विशेष रूप से मिट्टी के खिलौना निर्माण प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता भागलपुर में केवल परिधि और कला केंद्र द्वारा आयोजित सृजन मेला में ही देखने को मिलती है, जो इसे खास बनाती है।परिधि के निदेशक उदय ने बताया कि इस वर्ष मेले में पेंटिंग, मूर्तिकला और हस्तकला की प्रदर्शनी के साथ-साथ बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। यह आयोजन महात्मा फूले की जयंती 11 अप्रैल से शुरू होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती 14 अप्रैल तक चलेगा।चित्रांकन प्रतियोगिता के लिए चार अलग-अलग समूह बनाए गए हैं। ग्रुप ए के लिए स्वतंत्र विषय, ग्रुप बी के लिए फल लदे वृक्ष, ओल एवं कदीमा, ग्रुप सी के लिए पोखर में नहाना, धान कटनी और वृक्षारोपण तथा ग्रुप डी के लिए ग्लोबल वार्मिंग, युद्ध की विभीषिका और सूखती नदियों जैसे विषय निर्धारित किए गए हैं।इस वर्ष सृजन मेला का थीम “वनोपज और देशज बीज” रखा गया है, जिसमें क्लाइमेट चेंज, पर्यावरणीय असंतुलन, जैव विविधता और जल संकट जैसे मुद्दों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।बैठक में आयोजन की तैयारी को लेकर विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। महबूब आलम, यास्मीन बानो, अर्जुन शर्मा, गौतम कुमार (मिंटू कलाकार), उजमा, अजय और नीरज को स्कूलों और मोहल्लों में संपर्क कर प्रतियोगिता फॉर्म वितरण की जिम्मेदारी दी गई।अभिजीत ने पेंटिंग्स के लिए क्यूआर कोड तैयार करने का सुझाव दिया और इसकी जिम्मेदारी भी ली। वहीं उज्ज्वल घोष और मृदुला सिंह को कार्यालय संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई।बैठक के अंत में परिधि के अध्यक्ष ललन ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर डॉ. उमेश नीरज, उदय, ललन, अर्जुन शर्मा, मृदुला सिंह, यास्मीन बानो, मनोज, महबूब आलम, मिंटू कलाकार, अभिजीत, अभिषेक, उजमा, स्मिता, गौतम कुमार, अजय, उज्ज्वल घोष, तबस्सुम खातून, जूली, जानवी, अशफाक, लवली तिवारी, रूपम कुमारी, प्रेरणा स्वरूप, राहुल तिवारी, फनी चंद्र सिंह और साकेत आर्या सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *