बिहार सरकार ने इंट्री माफिया पर लगाम कसने और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब पश्चिम बंगाल, झारखंड और अन्य राज्यों से खनन सामग्री लेकर बिहार में प्रवेश करने वाले वाहनों पर वन टाइम टैक्स लगाया जाएगा।खनन विभाग के इस फैसले के तहत कोयला, गिट्टी, बालू, पत्थर और अन्य खनिज सामग्री लदे ट्रकों को बिहार में प्रवेश करते समय टैक्स देना होगा। यदि वाहन चालकों के पास वैध कागजात—जैसे जीएसटी बिल और चालान—नहीं पाए गए, तो उनसे जुर्माना भी वसूला जाएगा।इस व्यवस्था को लागू करने के लिए राज्य की सीमाओं पर चेकपोस्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। किशनगंज जिले में बंगाल सीमा से सटे तीन स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए जाएंगे—कुर्लीकोट थाना के पास एनएच-327E, फरिंगोला के पास एनएच-27 और शहर के प्रवेश द्वार ब्लॉक चौक पर।इन चेकपोस्टों पर खनन सामग्री से लदे वाहनों की जांच की जाएगी और वैध दस्तावेज होने पर प्रवेश कर वसूला जाएगा। वन टाइम टैक्स देने वाले वाहनों को राज्य में निर्बाध आवाजाही की अनुमति होगी।इस नई व्यवस्था से राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति होने की उम्मीद है। साथ ही, अवैध खनन और इंट्री माफिया की गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।स्थानीय विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह कदम राजस्व बढ़ाने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। वहीं, जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि चेकपोस्ट के निर्माण का प्रस्ताव भेजा जा चुका है और निर्देश मिलते ही संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

