पासिंग गिरोह का बड़ा खुलासा: WhatsApp से चल रहा था खेल, 7 गिरफ्तार, 1.35 लाख कैश बरामद

भास्कर

भागलपुर न्यूज नेटवर्क | भागलपुर/पीरपैंती।

झारखंड से मिर्जा चौकी के रास्ते अवैध तरीके से ओवरलोड ट्रकों को पास कराने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पीरपैंती थाना और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में मास्टरमाइंड समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।छापेमारी का नेतृत्व थानाध्यक्ष पंकज राउत और खान निरीक्षक अपूर्व सिंह ने किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1.35 लाख रुपये नकद, दो चारपहिया वाहन और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि यह गिरोह व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए खनन और पुलिस टीम की लोकेशन ट्रैक कर ओवरलोड ट्रकों को सुरक्षित पास कराता था। गिरोह ‘सुपर टॉप टेन ऑनर’ नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप संचालित करता था, जिसमें 50 से अधिक ट्रक चालक, मालिक और पासिंग एजेंट जुड़े हुए थे।इस ग्रुप में लोकेशन शेयरिंग के साथ-साथ पैसे के लेनदेन का पूरा हिसाब रखा जाता था। बताया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार से प्रतिदिन लाखों रुपये की कमाई हो रही थी।गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के साहेबगंज के शुभम कुमार और बजरंगी भगत, खगड़िया के नीतीश कुमार, धर्मदेव पंडित, पीरपैंती के अभिषेक उर्फ चंदन, नंदजी यादव और राजगंज के मो. अहमद उर्फ डुगवा शामिल हैं।गिरोह का मास्टरमाइंड अभिषेक उर्फ चंदन बताया जा रहा है, जिसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। पूर्व में वह पुलिस और खनन टीम पर हमले के मामलों में भी आरोपित रहा है।जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह झारखंड पुलिस का लोगो लगी गाड़ी का इस्तेमाल कर ट्रकों को बॉर्डर पार कराता था। बरामद स्कॉर्पियो गाड़ी साहेबगंज के एक हवलदार के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है, जिसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।पुलिस अब व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े सभी सदस्यों के मोबाइल नंबर और नेटवर्क की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *