भागलपुर न्यूज़ नेटवर्क | शाहकुंड (भागलपुर)।
शाहकुंड थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पेट्रोल पंप मालिक से 8 लाख 10 हजार रुपये लूट लिए। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अकबरनगर-शाहकुंड स्टेट हाईवे पर सादपुर चौक के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, अकबरनगर के बसंतपुर निवासी पेट्रोल पंप मालिक मंटू कुमार यादव अपने पंप की बिक्री की रकम लेकर बाइक से शाहकुंड स्थित एसबीआई शाखा में जमा करने जा रहे थे।इसी दौरान पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक किया और उनकी बाइक को ठोकर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उनकी बाइक की डिक्की में रखी नकदी लूट ली और शाहकुंड की ओर फरार हो गए।बताया जा रहा है कि सभी अपराधियों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। घटना के बाद पीड़ित ने शाहकुंड थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार साव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

