रात के अंधेरे में ट्रकों की एंट्री, प्रशासनिक रोक के बावजूद नहीं थम रही रफ्तार

संवाददाता, भागलपुर।

सबौर थाना क्षेत्र में नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है। प्रशासनिक रोक के बावजूद आधी रात के बाद से सुबह तक ट्रकों का परिचालन धड़ल्ले से हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।जानकारी के अनुसार, सबौर थाना के सामने से गुजरने वाली यह संकरी सड़क ग्लोकल अस्पताल के पास से पुल के नीचे होते हुए पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ती है। यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है, जहां दो बड़े विद्यालय, एक कॉलेज, थाना और रेलवे स्टेशन भी स्थित हैं। सुरक्षा कारणों से इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।इसके बावजूद रात के समय ‘जुगाड़’ के सहारे ट्रकों को पार कराने का खेल जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आधी रात के बाद नियमों को दरकिनार कर भारी वाहन बेरोकटोक इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।स्थानीय नागरिकों और विद्यालय प्रबंधन ने कई बार जिला प्रशासन से लिखित और मौखिक शिकायत कर इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार ट्रकों की आवाजाही से बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।रात्रि के समय ट्रकों की आवाजाही से न केवल शोर-शराबा बढ़ रहा है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। लोगों का कहना है कि नो-एंट्री के बावजूद इस तरह का परिचालन प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।इस संबंध में सबौर थानाध्यक्ष सुबेदार पासवान ने बताया कि नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले ट्रकों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार दिनों में आधा दर्जन ट्रकों का चालान काटा गया है और आगे भी सख्ती बरती जाएगी, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *