सिटी रिपोर्टर | भागलपुर।
जिले के दवा व्यवसायियों के सबसे बड़े संगठन केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन का चुनाव 14 जून को आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक वोटर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, जिले में करीब 2200 थोक एवं खुदरा दवा दुकानदार हैं, जिनमें से पिछली बार लगभग 1200 दुकानदारों को वोटर बनाया गया था। इनमें से 845 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया था। इस बार भी संगठन ने लगभग 1200 वोटर तैयार करने का लक्ष्य रखा है।संगठन के सचिव प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि पहले चरण में वोटर सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद चुनाव समिति का गठन होगा और फिर नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएगी।इसी क्रम में रविवार को तिलकामांझी हटिया रोड स्थित कार्यालय में संगठन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वोटर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में अध्यक्ष घनश्याम दास कोटरीवाला, नीरज कोटरीवाला, कृष्णा भगत, अरुण गुप्ता, संजय शर्मा, रवि शेखर भारद्वाज, गौतम बनर्जी समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।गौरतलब है कि केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन राज्य से लेकर जिला और अनुमंडल स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाता है और दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए कार्य करता है।

