सिटी रिपोर्टर | भागलपुर।
भागलपुर के मायागंज अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बीते 15 दिनों में अस्पताल परिसर में दो बार अगलगी की घटना सामने आई है, जिसका मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ऐसी घटनाओं के और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।अस्पताल में मेंटेनेंस के अभाव और जर्जर वायरिंग की स्थिति बेहद चिंताजनक है। इमरजेंसी वार्ड से लेकर सर्जरी, ब्लड बैंक, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, शिशु रोग, हड्डी रोग, ईएनटी विभाग और ओपीडी तक अधिकांश जगहों पर टूटे बोर्ड, खुले पैनल और नंगे तार देखे गए हैं। कई जगह एसी की वायरिंग लटकती हुई मिली, जिससे करंट फैलने का खतरा बना हुआ है।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अस्पताल में गर्मी से पहले जरूरी मेंटेनेंस का काम नहीं किया गया। फिलहाल एजेंसी चयन की प्रक्रिया बीएमएसआईसीएल स्तर पर चल रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं।अस्पताल में आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम भी सवालों के घेरे में हैं। कई इमरजेंसी गेट बंद पाए गए या उनके सामने कबाड़ रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है। इससे किसी बड़ी घटना की स्थिति में मरीजों और परिजनों के सुरक्षित बाहर निकलने में भारी परेशानी हो सकती है।वहीं अस्पताल प्रबंधन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर भी बेअसर साबित हो रहा है। रिपोर्टर द्वारा कई घंटे तक कॉल करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।हालांकि अस्पताल प्रबंधक सुनील गुप्ता ने बताया कि कुछ जगहों पर वायरिंग ठीक की गई है और बाकी कार्य प्रक्रियाधीन है। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा कारणों से कुछ इमरजेंसी गेट बंद रखे जाते हैं, लेकिन उनकी चाबी उपलब्ध रहती है।

