अजगैवीनाथ धाम में बनेगा ग्लास ब्रिज, गंगा के ऊपर 200 फीट ऊंचाई से दिखेगा अद्भुत नजारा

भागलपुर, संवाददाता।

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला से पहले सुल्तानगंज स्थित अजगैवीनाथ धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक बड़ा आकर्षण जुड़ने जा रहा है। यहां करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से ग्लास ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। यह बिहार का दूसरा ग्लास ब्रिज होगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित ग्लास ब्रिज पार्वती मंदिर के उत्तर दिशा में गंगा नदी के ऊपर बनाया जाएगा। इसकी लंबाई लगभग 30 मीटर और चौड़ाई 5 मीटर होगी, जबकि यह जमीन से करीब 200 फीट की ऊंचाई पर स्थित रहेगा। इस ब्रिज पर खड़े होकर श्रद्धालु बाबा अजगैवीनाथ मंदिर, उत्तरवाहिनी गंगा और अजगैवी पहाड़ी का मनमोहक दृश्य देख सकेंगे। नगर परिषद के मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने बताया कि निर्माण कार्य को छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि श्रावणी मेला से पहले इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण भी किया जा चुका है।इस ग्लास ब्रिज के निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाले पारदर्शी कांच का उपयोग किया जाएगा। एक समय में लगभग 40 श्रद्धालु इस पर चल सकेंगे। खास बात यह होगी कि ब्रिज से नीचे बहती गंगा नदी की गहराई और उसमें तैरती डॉल्फिन का दृश्य भी देखा जा सकेगा, जो पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव होगा।परियोजना के तहत सेल्फी प्वाइंट, वेटिंग हॉल और टिकट काउंटर का भी निर्माण किया जाएगा। इस कार्य को पुणे की एक निजी कंपनी को सौंपा गया है, जिसने तय समयसीमा में इसे पूरा करने का आश्वासन दिया है।स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से अजगैवीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी और क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। साथ ही, स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी इसका लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *