BNN, Bhagalpur
विक्रमशिला समानांतर सेतु निर्माण कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न करने और निर्माण स्थल पर तनाव फैलाने के आरोप में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जीरोमाइल थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्ज कांड संख्या 75/26 में पुलिस ने तीन फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बरारी कटहलबाड़ी रोड निवासी नीरज कुमार (पिता गणेश यादव) ने थानाध्यक्ष जीरोमाइल को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि पुल निर्माण निगम द्वारा चल रहे विक्रमशिला समानांतर सेतु निर्माण कार्य के दौरान कुछ लोग अपने सहयोगियों के साथ लगभग 8-9 अज्ञात व्यक्तियों एवं भारी संख्या में पशुओं के साथ कार्यस्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। आरोप है कि बार-बार मना करने के बावजूद ये लोग नहीं मान रहे थे, जिससे निर्माण कार्य बाधित होने के साथ-साथ किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी उत्पन्न हो रही थी।इस मामले में कई नामजद व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें बोकी यादव, ललित यादव, मणि यादव, डेविट यादव समेत अन्य लोगों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।इसी बीच जीरोमाइल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 75/26 में लंबे समय से फरार चल रहे तीन अभियुक्त मणि यादव, बोकी यादव और डेविट यादव को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि ये सभी कई मामलों में वांछित थे। सदर एसडीओ कोर्ट में एक अन्य मामले में हाजिरी लगाने गए थे और गुप्त सूचना पर जीरो माइल इंडस्ट्रियल थाने की पुलिस ने उनलोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकरी के अनुसार निर्माण कार्य में बाधा डालने वालों और कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं स्थानीय लोगों में भी राहत का माहौल है।

