भागलपुर न्यूज नेटवर्क, भागलपुर
जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खुलेआम गवाहों को धमकाकर न्याय प्रक्रिया को ही कुचलने में जुट गए हैं। बरारी थाना क्षेत्र से सामने आई यह घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।बरारी के धोबी टोला निवासी रंजन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि दिनांक 29 मार्च 2026 की शाम करीब 4 से 5 बजे उनका चचेरा भाई पप्पू मंडल एक पुराने मामले (सेशन ट्रायल संख्या 118/16 व 440/16) में गवाही की जानकारी लेने जा रहा था। जैसे ही वह बरारी मुसहरी के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपी दुर्गा यादव (पिता स्व. सुरेश यादव, निवासी बरारी सब्जी चौक) अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उसे घेर लिया।आरोप है कि तीनों ने पप्पू मंडल के साथ गाली-गलौज करते हुए खुलेआम धमकी दी “अगर कल कोर्ट में गवाही देने गए, तो अंजाम गणपति राम उर्फ गुलचा जैसा होगा… जान से मार देंगे। रंजन उस दिन बच गया था, इस बार नहीं बचेगा!”इस घटना की जानकारी मिलते ही रंजन कुमार ने डायल 112 पर कॉल किया, लेकिन पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करने के बजाय सिर्फ लिखित आवेदन देने की सलाह देकर पल्ला झाड़ लिया।पीड़ित ने यह भी बताया कि उस पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है, जिसकी प्राथमिकी दर्ज है। इसके बावजूद आरोपियों का आतंक जारी है और वे खुलेआम गवाहों को धमका रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब गवाह ही सुरक्षित नहीं होंगे, तो न्याय कैसे होगा? क्या भागलपुर में अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं रहा?रंजन कुमार ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।अब देखना यह है कि पुलिस इस खुलेआम दी गई धमकी पर कब तक कार्रवाई करती है, या फिर न्याय व्यवस्था को यूं ही अपराधियों के हवाले छोड़ दिया जाएगा।

